वन माफिया फिर हुए सक्रिय डेढ़ लाख की सागौन और 10 साइकिलें जब्त

वन विभाग के अमले को देखकर भागे वन माफिया
ब्यूरो चीफ शब्बीर अहमद
बेगमगंज । रायसेन जिले के बेगमगंज वन परिक्षेत्र में वन माफिया सक्रिय है जो अवैध रूप से सागौन काट कर उसका परिवहन कर रहे हैं जिन पर बराबर वन परिक्षेत्र द्वारा कार्रवाई की जा रही है बावजूद इसके कुछ दिन के लिए वन माफिया भूमिगत हो जाते हैं। उसके बाद इलाका बदलकर सागौन की अवैध कटाई शुरू कर देते हैं।
इस बार वन माफियाओं ने वाहन जप्त होने के डर से साइकिलों से सागौन की लकड़ी को जंगल से कटकर अवैध परिवहन कराना शुरू किया। जैसे ही मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई वन परिक्षेत्र अधिकारी अरविंद अहिरवार के निर्देशन में वन विभाग की टीम द्वारा मवई के जंगल में पहुंचकर घेराबंदी कर अवैध रूप से सागौन लकड़ी काटकर साइकिलों पर रखकर ले जाते समय दबिश दी। वन स्टाफ को देखकर आरोपी 10 साइकिलें एवं 20 नग सागौन चरपट लकड़ी मौके पर छोड़कर भाग निकले। हालांकि वन विभाग की टीम ने वन माफियाओं का पीछा किया लेकिन वन माफिया जंगल के रास्तों के जानकार होने के कारण वे अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल हो गए।
मौके पर उक्त वनोपज एवं साइकिल जप्त कर प्रकरण दर्ज किया गया। उक्त कार्यवाही में वन विभाग से प्रदीप लोधी वनपाल, प्रताप ग्रेवाल वनरक्षक, विकास साहू वनरक्षक, सद्दाम खान वनरक्षक एवं वन समिति मवई , जमुनिया महुआखेड़ा, करहोला, मरखेड़ा टप्पा, खिरिया नवलशाह के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जप्त वनोपज 20 नग सागौन चरपट एवं 10 साइकिल की कीमत लगभग 1.50 लाख रुपए आंकी गई।



