प्रशासन के आश्वासन के बाद खत्म हुआ किसानों का प्रदर्शन, करीब 5 घंटे चला प्रदर्शन

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
हटा । दमोह जिले अंतर्गत आने वाले हटा क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से परेशान रनेह क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक ग्रामों के किसानों और ग्रामीणों ने शनिवार को बिजली सब स्टेशन रनेह में तालाबंदी कर नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया, जो कि करीब 5 घंटे बाद अधिकारियों की समझाइश के बाद खत्म हुआ। किसानों के प्रदर्शन की सूचना पर हटा एसडीएम राकेश सिंह मरकाम, नायब तहसीलदार शिवराम चढ़ार, एसडीओपी प्रशांत सिंह सुमन पहुंचे और अधिकारियों ने किसानों को समझाइश दी। रनेह जिला पंचायत सदस्य मनीष तंतुवाय की उपस्तिथि में किसानों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने पीटीआर बदलने की सहमति, 12 घंटे बिजली सप्लाई, अटल ज्योति के तहत 24 घंटे बिजली का आश्वासन दिया। दोपहर करीब 3 बजे प्रदर्शन खत्म हुआ और रनेह पुलिस की मौजूदगी में बिजली दफ्तर का ताला खुलवाया गया।



