क्राइम

चलती ट्रेन से युवक-युवती ने नदी में लगाई छलांग, प्रेम-प्रसंग में सुसाइड की आशंका

युवक की लाश ब्रिज पर, युवती की नदी में मिली

ब्यूरो चीफ भगवत सिंह लोधी
छतरपुर । एमपी के छतरपुर में युवक-युवती ने चलती ट्रेन से नदी में छलांग लगा दी। जिससे दोनों की मौत हो गई। युवक का शव रेलवे ब्रिज पर फंसा हुआ मिला। जबकि युवती का शव नदी में मिला। इस मामले में प्रेम प्रसंग में खुदकुशी की आशंका जताई जा रही है।
घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे हरपालपुर रेलवे स्टेशन के पास की है। यहां से करीब 12 बजे हावड़ा-चंबल एक्सप्रेस ट्रेन निकली थी। जानकारी के अनुसार ट्रेन में एक युवक-युवती भी सफर कर रहे थे। ट्रेन जब चपरन गांव के पास धसान नदी पर बने ब्रिज से गुजरी, तभी दोनों चलती ट्रेन से ही नदी में कूद गए।
दोपहर में जब गांव के लोग यहां से निकले तो युवक का शव रेलवे ब्रिज पर पड़ा देखा। वहीं, युवती की लाश पानी में नजर आई। जिसकी जानकारी हरपालपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नौगांव अस्पताल भिजवाया। पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।
मृतक युवक की पहचान संजीव अहिरवार पिता परशुराम अहिरवार उम्र 20 साल के रूप में की गई है। वह यूपी के झांसी जिले के मऊरानीपुर थाने के झाकरी गांव का रहने वाला था। वहीं, युवती की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने प्रेम प्रसंग के चलते सुसाइड किया है।
चपरन गांव के रहने वाले अरुण कुमार यादव ने बताया- ‘एक लड़के और लड़की ने चंबल एक्सप्रेस ट्रेन से नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। हम लोग यहां से निकल रहे थे, तभी लड़की की लाश नदी के पानी में देखी। वहीं, लड़के की लाश रेलवे ब्रिज पर अटकी पड़ी थी। हम लोगों ने पुलिस को जानकारी दी।’
हरपालपुर थाना प्रभारी पुष्पक शर्मा ने बताया कि आज सुबह चपरन गांव के लोगों ने एक युवक और युवती की लाश की जानकारी दी थी। दोनों शव को निकाल कर नौगांव के अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। वहीं, मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button