खेत जा रहे युवक पर तेंदुए ने किया हमला
गंभीर हालत में अस्पताल कराया भर्ती
रायसेन । जिले के पिपलाई गांव में सोमवार सुबह खेत जा रहे युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। जिससे युवक के हाथ और पैर पर गंभीर चोटें आई हैं। शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया, जिसके बाद घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे की है। पिपलाई निवासी शाहरुख खेत में पानी लगाने जा रहा था, तभी अचानक रास्ते में छिपकर बैठे तेंदुआ ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुआ ने शाहरुख के हाथ और पैरों को अपने जबड़े में जकड़ लिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। पीछे से आ रहे आरिफ और एक अन्य युवक ने शाहरुख की चीख-पुकार सुनी।
उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर शोर मचाया, जिससे तेंदुआ डरकर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल शाहरुख को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण किया।
इस संबंध में पूर्व क्षेत्र रायसेन वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रवेश पाटीदार का कहना हैं कि यह घटना सुरई क्षेत्र की है। । वन विभाग की टीम मौके पर गई थी और स्थिति का जायजा लिया गया है। घायल युवक को शासन के प्रावधान अनुसार सहायता प्रदान की जाएगी। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।



