क्राइममध्य प्रदेश

पत्नी के मायके से नहीं लौटने से नाराज पति ने चार बच्चों को जहर दिया, फिर खुद भी पी लिया

पांचों अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी
रायसेन । एमपी के रायसेन में पत्नी के भाई की शादी से वापस न लौटने से नाराज पति ने अपने चार मासूम बच्चों को आम के जूस में चूहा मार दवा मिलाकर पिला दी और खुद भी दवा का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर पड़ोसियों ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पांचों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना रायसेन के टपरा पठारी गांव की है। यहां रहने वाला पूरन सिंह आदिवासी अपनी पत्नी मनु को ससुराल से घर लाने गया था, जो अपने भाई की शादी में बारला गांव गई हुई थी। इसी दौरान उसका अपने ससुर से किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद पूरनसिंह गुस्से में बच्चों को लेकर घर लौट आया।
घर लौटने के बाद सोमवार रात करीब 8 बजे पूरन ने आम के जूस में चूहा मारने की दवा मिलाकर अपने चार बच्चे रोहन उम्र 10 साल, रेशमा उम्र 9 साल, पिंकी उम्र 8 साल और सोहानी उम्र 7 साल को पिला दी। इसके बाद खुद ने भी वही जूस पी लिया। हालत बिगड़ते ही बच्चों ने चीख-पुकार मचाई, जिसे सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे।
बच्चों से पूरी बात जानने के बाद पड़ोसियों ने फौरन सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर वैभव सिंघई ने बताया पिता सहित चारों बच्चों की हालत अब खतरे से बाहर है। सभी का इलाज किया जा रहा है।
इस घटना के बाद पूरनसिंह की पत्नी मनु ने बताया कि शादी को 13 साल हो चुके हैं, लेकिन पति अक्सर झगड़ा करता है। वह भाई की शादी में कुछ दिनों के लिए गई थी, तभी यह हादसा हो गया।
रायसेन एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूरनसिंह ने पत्नी को डराने की नीयत से यह कदम उठाया। बच्चों को भी दवा पिलाने की पुष्टि हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button