मध्य प्रदेश

उवेश रिपोर्टर द्वारा गलत खबर प्रसारित करने वाले यूट्यूबर पर FIR की मांग, हिन्दू उत्सव समिति का हंगामा

सिलवानी । श्री गणेश विसर्जन अनंत चतुर्दशी चल समारोह को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक व भ्रामक खबर प्रसारित किए जाने से हिंदू उत्सव समिति सहित सनातन समाज में आक्रोश फैल गया। रविवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने तहसील व थाने का घेराव कर यूट्यूबर उवेश खान (उवेश रिपोर्टर) के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
हिन्दू उत्सव समिति का आरोप है कि शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए गणेश विसर्जन चल समारोह को लेकर यूट्यूबर ने अपने पोर्टल और यूट्यूब चैनल पर खूनी संघर्ष और हिंसा जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर गलत खबर चलाई। इससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और समाज को बदनाम करने का प्रयास किया गया। वही प्रशासन को भी नाकाम दिखाने का प्रयास किया था।
प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम के नाम तहसीलदार सुधीर शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर आरोपित के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। इसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ता थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी की। करीब एक घंटे चले इस धरना आंदोलन को एसडीओपी अनिल मौर्य के आश्वासन के बाद समाप्त कराया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच दो दिन में पूरी कर दोषी पाए जाने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
हिंदू उत्सव समिति ने यह भी मांग की कि आरोपित का पोर्टल और यूट्यूब चैनल जनसंपर्क विभाग से जांचा जाए। यदि फर्जी पाया जाता है तो शासन के नियम अनुसार धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया जाए।
इस अवसर पर अध्यक्ष राजीव उर्फ रानू सोनी, महेश नामदेव, मौबे यादव, श्याम साहू, तुलसी यादव, संजू सेन, अरविंद पाठक, राहुल नामदेव, राघवेंद्र कुशवाहा, कमलेश सोनी, अमर रजक, हीरा कुशवाहा, कालू मातांबर, सुशील सोनी, मन्नू राजपूत, बबलू साहू, रवि गुप्ता, प्रियांश राजपूत, अमित रजक, राजा राजपूत आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button