नवरात्रि पर बड़ी देवी मंदिर में जुटी भक्तों की भीड़

पार्षद ने माता रानी को नारियल, चुनरी और श्रृंगार का सामान चढ़ाकर लिया आशीर्वाद
पलेरा । नगर में नवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ने लगा है। माता की चौकी, जगराता और गरबा जैसे आयोजन जहां भक्तों में उत्साह जगा रहे हैं, वहीं पलेरा नगर का प्रमुख बड़ी देवी मंदिर इस पर्व का प्रमुख केंद्र बना हैं। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी देवी जी हिंगलाज माता मंदिर में विशेष सजावट और अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई है। श्रद्धालु मानते हैं कि मां के मंदिरों का दर्शन करने से देवी मां की कृपा विशेष रूप से प्राप्त होती है। इसी क्रम में नवरात्रि पर्व के दूसरे दिन नगर के वार्ड क्रमांक 7 की महिला पार्षद दीपा-मुकेश यादव के द्वारा हिंगलाज माता मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की गई। नगर के विकास एवं सुख समृद्धि की कामना को लेकर देवी माता को चुनरी, सिंगार एवं त्रिशूल शस्त्र विधि विधान के साथ चढ़ाया गया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन संज्ञा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुनील खटीक, पार्षद गुलाब आदिवासी समेत नगर के तमाम भाजपा कार्यकर्ता एवं गामान्य नागरिक इस आयोजन में शामिल रहे।
सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ा है मंदिर का इतिहास
नगर की प्रसिद्ध देवी हिंगलाज माता मंदिर का इतिहास आज भी पलेरा नगर की सांस्कृतिक धरोहर से गहराई से जुड़ा है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, जब-जब नगर पर कोई संकट आया, देवी मंदिर की आस्था ने लोगों को संबल दिया। यही वजह है कि नवरात्रि के दिनों में इस मंदिर का महत्व कई गुना बढ़ जाता है।



