प्रबंध समितियों का जिला सम्मेलन सम्पन्न

सिलवानी। स्थानीय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में विद्या भारती मध्यभारत प्रांत की योजना के अंतर्गत जिले में संचालित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर विद्यालयों की प्रबंध समितियों का जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलन में वीर शिवाजी शिक्षण समिति सिलवानी, विवेकानंद शिक्षा परिषद बेगमगंज, माँ नर्मदा शिक्षण समिति बरेली, स्वामी रामकृष्ण परमहंस शिक्षा समिति रायसेन, स्व. प्रीति शिक्षा समिति सियरमउ तथा सरस्वती वैदिक शिक्षा प्रचार समिति सुल्तानपुर के अध्यक्ष एवं सचिव सहित 35 से अधिक सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्या भारती मध्यक्षेत्र के कोषाध्यक्ष संजय पटवा एवं भोपाल विभाग के विभाग समन्वयक अंकित शुक्ला ने मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विद्यालयों के सुचारु संचालन, प्रबंधकीय दायित्वों, शिक्षा की गुणवत्ता तथा संगठनात्मक समन्वय पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सम्मेलन का उद्देश्य प्रबंध समितियों के बीच आपसी समन्वय को सुदृढ़ करना तथा विद्या भारती की शिक्षण परंपराओं और मूल्यों के अनुरूप विद्यालय संचालन को और अधिक प्रभावी बनाना रहा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक चर्चा एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।



