धार्मिक

सुख-समृद्धि की कामना को लेकर 25वें वर्ष भी निकली पदयात्रा

सिलवानी से बौरास तक 38 किलोमीटर की आस्था यात्रा
गुरुवार को होगा पूजा-अर्चना व भंडारे का आयोजन
सिलवानी। बुधवार को सुख, शांति और समृद्धि की कामना को लेकर नगर से एक बार फिर आस्था और श्रद्धा की पदयात्रा निकाली गई। नगर के युवा समाजसेवी एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश राय के नेतृत्व में मां नर्मदा तट बौरास तक यह पदयात्रा इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा भाव से संपन्न हो रही है।
मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आयोजित यह पदयात्रा बुधवार को नगर स्थित मां विजयासन मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ हुई। श्रद्धालुओं ने लगभग 38 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए मां नर्मदा तट बौरास की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान आगे-आगे श्रद्धालु ध्वज लिए चल रहे थे, जबकि युवा वर्ग डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर उत्साह के साथ चलते नजर आया।
जानकारी के अनुसार यह पदयात्रा वर्ष 2000 से निरंतर आयोजित की जा रही है। प्रारंभ में यह एक व्यक्तिगत संकल्प के रूप में शुरू हुई थी, लेकिन समय के साथ इसमें श्रद्धालुओं और युवाओं की सहभागिता बढ़ती चली गई। आज यह पदयात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बन चुकी है, बल्कि सामाजिक एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश भी दे रही है।
पूरे यात्रा मार्ग में “नर्मदा मैया की जय” के जयघोष और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। बौरास घाट पहुंचने के बाद गुरुवार को मां नर्मदा की पूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया है, जिसमें सभी वर्गों के लोग सहभागिता करेंगे।

Related Articles

Back to top button