आदिवासियों पर वन विभाग का अत्याचार, ग्रामीणों से की मारपीट
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । जिले की जबेरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत सगरा के पड़री गांव में आदिवासी समुदाय के साथ वन विभाग के अधिकारियों द्वारा की गई मारपीट की घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया है। आदिवासियों ने आरोप लगाया है कि वन विभाग के कर्मचारियों ने उन पर हमला किया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। यह घटना आदिवासियों की जमीन और जंगल से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे विवाद का हिस्सा बताई जा रही है, जहां 40 वर्षों से बसे परिवारों को बेदखली का डर सता रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वे अपनी पुश्तैनी जमीन और घर नहीं छोड़ेंगे, चाहे कुछ भी हो जाए।
कवि चंद्रभान सिंह लोधी पड़री गांव पहुंचे जहां प्रभावित आदिवासी परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने वन विभाग द्वारा की गई मारपीट की कड़ी निंदा की और कहा कि ऐसे अत्याचार बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। फिर चाहे हम लोगों को सड़कों पर ही क्यों न उतरना पड़े लेकिन शांत नहीं बैठेंगे।
सगरा के निवासी शेरा जैन ने कहा कि हम लोग आदिवासियों को किसी भी हालत में अकेला नहीं छोड़ेंगे। आने वाले समय में भले ही आंदोलन करना पड़े लेकिन करेंगे। साथ ही मंत्री धर्मेंद्र लोधी और कलेक्टर सुधीर कुमार से भी निवेदन किया कि इनकी समस्याओं का हल करें।
बता दें कि ग्रामीणों के साथ आसपास के कई समाजसेवी भी मौजूद रहे, जिन्होंने वन विभाग के इस कृत्य की कड़ी निंदा की।



