शादी समारोह के दौरान चलाई गोली, चार लोग घायल
रायसेन के भगवती गार्डन की घटना
रायसेन। 1रायसेन शहर में गुरुवार की रात एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हर्ष फायर की एक घटना ने चार लोगों को लहूलुहान कर दिया। घटना शहर के सागर मार्ग स्थित भगवती गार्डन में हुई, जहाँ भोपाल से आई बारात के स्वागत के दौरान यह घटनाक्रम हुआ।
जानकारी के अनुसार, रायसेन निवासी हेमलता कन्हैयालाल पीपरोलिया की सुपुत्री पल्लवी का विवाह भोपाल के करोद निवासी मोहित के साथ हो रहा था। बारात जैसे ही गार्डन के मुख्य द्वार के समीप पहुँची, वहाँ मौजूद एक व्यक्ति ने उत्साह में आकर बंदूक से हर्ष फायर कर दिया। गोली से निकले छर्रे सीधे वहाँ फोटोशूट कर रहे और नाच रहे चार युवकों को जा लगे।
घायलों की स्थिति और पुलिस कार्रवाई हादसे के बाद बारात में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल पहुँचाया गया। घायलों की पहचान अतुल धाकड़, पवन चौरसिया, सौरभ भरतोले और फोटोग्राफर अनिमेष कुशवाह के रूप में हुई है, जो सभी भोपाल के निवासी बताए जा रहे हैं।
चिकित्सकीय स्थिति: डॉक्टर के अनुसार, दो युवकों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। एक युवक की जांघ छर्रों से बुरी तरह जख्मी हो गई है, जबकि दूसरे के पंजे में गंभीर चोट है। दो अन्य घायल प्राथमिक उपचार के बाद बिना सूचना दिए निजी इलाज के लिए भोपाल रवाना हो गए।
घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति मौके से फरार हो गया है। रायसेन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुटी है।
https://www.facebook.com/share/r/1AQrTFxXBS/
रायसेन से बड़ी खबर, शादी समारोह में हर्ष फायर से चार युवक घायल, CCTV फुटेज आया सामने



