मध्य प्रदेश

सिहोरा में सांप्रदायिक तनाव के बाद कड़ी चौकसी, 49 आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। गुरुवार रात सिहोरा के वार्ड नंबर 5 स्थित आजाद चौक क्षेत्र में दुर्गा मंदिर में आरती के दौरान हुए विवाद के बाद सांप्रदायिक तनाव फैल गया। मंदिर में तोड़फोड़ और उसके बाद दो पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 49 लोगों को गिरफ्तार किया है।
लाउडस्पीकर की आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत मंदिर में आरती के दौरान बज रहे लाउडस्पीकर की तेज आवाज को लेकर हुई। दूसरे पक्ष द्वारा आपत्ति जताए जाने के बाद दोनों समुदायों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक द्वारा मंदिर में घुसकर तोड़फोड़ किए जाने के बाद माहौल और भड़क गया । इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से लगभग 10 मिनट तक पत्थरबाजी होती रही। इस दौरान लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल हुआ और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा ।
संवेदनशील क्षेत्र में आमने सामने मंदिर और मस्जिद
आजाद चौक क्षेत्र को संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि यहां दुर्गा मंदिर और मदीना अहले सुन्नत मस्जिद आमने-सामने स्थित हैं। घटना के समय मंदिर में आरती और मस्जिद में नमाज का समय लगभग एक साथ होने के कारण इलाके में भीड़ अधिक थी। रमजान माह की शुरुआत के चलते भी क्षेत्र में गहमागहमी बनी हुई थी।
अतिरिक्त बल तैनात, वरिष्ठ अधिकारी मौके पर
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही सिहोरा, खितौली और गोसलपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर मुख्यालय से अतिरिक्त बल बुलाया गया। आईजी, डीआईजी, जिला कलेक्टर और एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने देर रात तक मोर्चा संभाला।
पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और इलाके में फ्लैग मार्च निकाला । फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है ।
49 आरोपी गिरफ्तार, CCTV से पहचान जारी
एसपी संपत उपाध्याय के अनुसार, अब तक 49 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर मुख्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। उपद्रव में शामिल वाहनों को जब्त कर सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है ।
थाने के सामने हनुमान चालीसा पाठ
घटना के विरोध में शुक्रवार को हिंदूवादी संगठनों ने थाने के सामने हनुमान चालीसा का पाठ किया और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई तथा एनएसए लगाने की मांग की। साथ ही ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और अफवाहों से दूर रहने को कहा है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की पुनरावृत्ति न हो सके।

Related Articles

Back to top button