चंदपुरा सांस्कृतिक महोत्सव 2026 में उमड़ा जनसैलाब, देर रात तक थिरके क्षेत्रवासी

सिलवानी। ग्राम चंदपुरा कढ़ेली में आयोजित ‘चंदपुरा सांस्कृतिक महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में पहले से ही विशेष उत्सुकता बनी हुई थी, जो आयोजन के दिन साफ तौर पर देखने को मिली। हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी कार्यक्रम का आनंद लेने के लिए एकत्रित हुए और देर रात तक सांस्कृतिक रंग में रंगे रहे।
महोत्सव में बुंदेलखंड के प्रसिद्ध गायक जित्तु खरे, गायिका रामदेवी मासूम एवं नेहा प्रजापति ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम में लोकगीत, भजन और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसके चलते पूरा आयोजन देर रात तक उत्साहपूर्वक चलता रहा।
कार्यक्रम के आयोजक एवं समाजसेवी जयदीप पटेल ने बताया कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करना और लोगों को एक साझा मंच पर जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलती है।
महोत्सव के दौरान होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने फूलों की होली खेलकर आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। इस पहल ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया।
अंत में आयोजक जयदीप पटेल ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों, कलाकारों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इसी तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन क्षेत्र में निरंतर किया जाता रहेगा।



