अघोषित बिजली कटौती के विरोध में तेजगढ़ में फूटा जनआक्रोश, ऊर्जा मंत्री का पुतला दहन

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
तेजगढ़। दमोह जिले की जबेरा विधानसभा अंतर्गत तेजगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और विद्युत विभाग की कथित मनमानी के खिलाफ मंगलवार को ग्रामीणों, किसानों और युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्रित होकर विद्युत विभाग एवं प्रदेश के ऊर्जा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध स्वरूप पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बीच घंटों तक बिना सूचना बिजली बंद रखी जा रही है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। किसानों को सिंचाई कार्य में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई और व्यापारियों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन कर रहे कवि चन्द्रभान सिंह लोधी ने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
राजा खान ने कहा कि सरकार एक ओर बेहतर बिजली व्यवस्था के दावे करती है, लेकिन गांवों में अघोषित कटौती ने लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। भगवत सिंह लोधी ने उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो ग्रामीण बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “बिजली दो या जवाब दो”, “किसानों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “बिजली विभाग मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तेजगढ़ क्षेत्र में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में कवि चन्द्रभान सिंह लोधी, भगवतसिंह, पुष्पेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, मानसिंह, पूरन सिंह, राहुल लोधी, खुमान सिंह, रवि सिंह, चेनसिंह, मोहन आदिवासी, राजा खान, अनिल जाटव, अर्जुन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



