पर्यावरण

पर्यावरण प्रहरी कुंज बिहारी जी की अनूठी पहल

19 वर्षों की मेहनत से तैयार हुई हरियाली की मिसाल
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। सिलौंडी क्षेत्र की ग्राम पंचायत घाना के सचिव एवं ग्राम पंचायत अतरसूमा का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे कुंज बिहारी ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने वर्ष 2007 में हल्का नर्सरी तैयार करने का कार्य शुरू किया था, जो आज एक समृद्ध हरित परिसर का रूप ले चुका है।
वर्तमान में इस नर्सरी में लगभग 2500 से 3000 हरे-भरे पेड़-पौधे मौजूद हैं। यहां अनेक प्रकार के फलदार एवं फूलदार वृक्षों के साथ-साथ विभिन्न औषधीय पौधे भी विकसित हो चुके हैं, जो पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां आज विकास की दौड़ में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई हो रही है, वहीं कुंज बिहारी लगातार हरियाली बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उनका यह प्रयास केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और बेहतर भविष्य तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है।
वे लोगों को पानी बचाने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए भी लगातार प्रेरित करते हैं। उनकी मेहनत ने यह साबित कर दिया है कि यदि एक व्यक्ति दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करे, तो पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदली जा सकती है।
कुंज बिहारी जी का यह पर्यावरण संरक्षण अभियान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके कार्यों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक यदि अपने जीवन में एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो धरती को अधिक हरा-भरा और सुरक्षित बनाया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button