धार्मिकमध्य प्रदेश

115 युवाओं की बाइक यात्रा कुण्डलपुर के लिए रवाना

बड़े बाबा आदिनाथ के अभिषेक-वंदना हेतु निकले श्रद्धालु, धर्म जागरण का दिया संदेश
सिलवानी। विश्व प्रसिद्ध दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र कुण्डलपुर में विराजमान बड़े बाबा श्री आदिनाथ भगवान के अभिषेक एवं वंदना के लिए अखण्ड दिगंबर जैन समाज सिलवानी के युवाओं की दो दिवसीय बाइक यात्रा दल रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुई। करीब 115 युवा इस धार्मिक यात्रा में शामिल हुए। प्रस्थान से पूर्व सभी यात्रियों ने नगर के पारसनाथ जिनालय में भगवान के दर्शन, पूजा-अर्चना संपन्न कर सफल यात्रा की कामना की।
यात्रा प्रारंभ होने से पहले समाजजनों ने सभी यात्रियों के ललाट पर चंदन का तिलक लगाकर उनका स्वागत किया तथा सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। दोपहिया वाहनों पर लहलहाती धर्म ध्वजाएं और भगवान के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। युवाओं का यह उत्साह पूर्ण काफिला नगरवासियों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। द्वितीय वर्ष आयोजित इस बाइक यात्रा का संचालन गोलू बजाज, नीतेश वैद्य एवं पिंटू पटेल के नेतृत्व में किया जा रहा है। कुंडलपुर यात्रा आयोजन समिति ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य युवाओं को धर्म से जोड़ना, समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना तथा भटके हुए लोगों को धर्म मार्ग की ओर प्रेरित करना है।
यात्रा के प्रथम दिन रविवार को दल सिलवानी से सुल्तानगंज, सागर, बंडा, नेनागिर एवं सुखाजी होते हुए पथरिया पहुंचा, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। दूसरे दिन सोमवार को यात्रा पथरिया से प्रस्थान कर कुण्डलपुर पहुंचेगी, जहां सभी श्रद्धालु बड़े बाबा श्री आदिनाथ भगवान का अभिषेक, पूजन एवं वंदना करेंगे। इसके बाद यात्रा पटेरियाजी, रहली और पटनागंज होते हुए पुनः सिलवानी लौटेगी, जहां यात्रा का समापन होगा।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु मार्ग में स्थित विभिन्न जैन धर्मस्थलों के दर्शन करेंगे तथा विराजमान मुनिश्री एवं आर्यिका माताजी को श्रीफल अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। समाज के वरिष्ठजनों ने इस धार्मिक यात्रा को युवाओं में संस्कार, अनुशासन और धार्मिक चेतना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए यात्रियों के सफल एवं मंगलमय प्रवास की कामना की।

Related Articles

Back to top button