खेत में काल बना बिजली का खंभा! ट्रैक्टर की टक्कर से टूटकर किसान के सिर पर गिरा, दर्दनाक मौत

बेगमगंज । सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खामखेड़ा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। खेत में ट्रैक्टर से बखरनी करने गए करीब 45 वर्षीय किसान रज्जू खंगार की एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। ट्रैक्टर मोड़ते समय बखर बिजली के सीमेंट के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा टूटकर सीधे किसान के सिर पर जा गिरा। हादसे में किसान की मौके पर ही जान चली गई। वहीं, परिवार के इकलौते बेटे के सिर से पिता का साया उठने के बाद घर में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खामखेड़ा निवासी रज्जू पुत्र फूल सिंह खंगार सोमवार को खेत पर ट्रैक्टर से बखरनी करने गए थे। इसी दौरान ट्रैक्टर को मोड़ते समय बखर बिजली के सीमेंट के खंभे से टकरा गया। टक्कर लगते ही खंभा टूटकर किसान के सिर और चेहरे पर जा गिरा। गंभीर चोटें लगने से उनकी मौत हो गई। गनीमत रही कि ट्रैक्टर चालक इस हादसे में सुरक्षित बच गया।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस पिता का साया उसके इकलौते बेटे के साथ हर कदम पर रहता था, वही पिता अब हमेशा के लिए दुनिया से विदा हो गया। खेत में काम करने गए रज्जू खंगार के घर लौटने का इंतजार कर रहे परिजनों को उनकी मौत की खबर मिली, तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।
इस संबंध में थाना सुल्तानगंज के सहायक उप निरीक्षक महेश अग्निहोत्री का कहना है कि मर्ग कम कर जांच में लिया गया है ।



