मध्य प्रदेश

क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर 30 जुलाई को निकलेगी जन आक्रोश रैली

महाविद्यालय से लेकर स्वास्थ्य और किसानों के मुद्दों पर सौंपा जाएगा ज्ञापन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर गुरुवार 30 जुलाई को दोपहर 2 बजे जुटटा मंदिर तालाब के पास से जन आक्रोश रैली निकाली जाएगी । रैली बस स्टैंड मझगवां पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपेगी ।
ओबीसी जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार कुर्मी ने बताया कि यह जन आक्रोश रैली क्षेत्र के युवाओं, किसानों, विद्यार्थियों और आमजन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर आयोजित की जा रही है । उन्होंने बताया कि दिल्ली छात्र आंदोलन के सम्मान में मझगवां क्षेत्र में महाविद्यालय, आईटीआई, डीएड एवं बीएड कॉलेज खोले जाने, समान शिक्षा नीति लागू करने तथा शासकीय एवं निजी स्कूलों-कॉलेजों में समान शिक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी ।
इसके अलावा युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार एवं सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवां को उन्नत अस्पताल का दर्जा देकर विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति, सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, किसानों को पर्याप्त बिजली एवं खाद उपलब्ध कराने तथा समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी की सीमा 5 क्विंटल प्रति एकड़ किए जाने की मांग भी की जाएगी ।
रैली के माध्यम से प्रतापपुर- भीखाखेड़ा मार्ग पर हाइवा ट्रकों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने, नहरों का पानी प्रत्येक गांव और प्रत्येक किसान तक पहुंचाने तथा क्षेत्र में शराब दुकानों को बंद करने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी जाएगी ।
इस जन आक्रोश रैली में जिला पंचायत सदस्य एड. इंद्रकुमार पटेल, प्रदीप पटेल, ओबीसी जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार कुर्मी, नोकेलाल प्रजापति, राजेश यादव, राजा पटेल (जनपद सदस्य), दीपक पटेल, संतकुमार पटेल, सुनील विश्वकर्मा, अमित विश्वकर्मा, अनिल पटेल, विकास काछी, रणजीत दाहिया, संदीप पटेल, प्रमोद पटेल, प्रदोष पटेल, श्याम साहू, मोनू विश्वकर्मा, मोहन विश्वकर्मा, जितेन्द्र चौधरी, संतराम पटेल, अनिल दाहिया, उमेश पटेल, भरत पटेल, मुकेश पटेल, कप्तान, गोकुल, राजेश, नीरज, प्रदीप, अभिषेक एवं अजीत सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि शामिल रहेंगे ।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी सामाजिक संगठनों, सर्व समाज, युवाओं, किसानों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होकर क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपील की है ।

Related Articles

Back to top button