झमाझम वर्षा से गर्मी से मिली राहत, किसानों के चेहरे खिले

सिलवानी। लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार देर शाम से शुरू हुआ वर्षा का दौर शनिवार को भी जारी रहा। शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। इसके बाद दोपहर बाद और शाम को हुई झमाझम वर्षा ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश के चलते भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। सड़कें तर हो गईं और वातावरण सुहावना हो गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
वर्षा का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिलने की उम्मीद है। बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है, जिससे सोयाबीन, मक्का सहित अन्य खरीफ फसलों की बढ़वार बेहतर होने की संभावना है। लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। जोरदार बारिश से धान की फसल के लिए भी अच्छी पैदावार की उम्मीद जगी है।
बारिश के दौरान नगर की सड़कों पर लोग भीगते नजर आए। बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर लोग बारिश का आनंद लेते दिखाई दिए। लगातार बारिश से नगर की सड़कें पानी से तर हो गईं।
इस वर्ष अब तक 1215.2 मिमी वर्षा तहसील रिकॉर्ड के अनुसार पिछले वर्ष इसी अवधि तक 373.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी, जबकि इस वर्ष अब तक 1215.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हो चुकी है। शनिवार को हुई बारिश के बाद वर्षा के आंकड़े में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी क्षेत्र में हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश से किसानों को खरीफ फसलों के लिए अनुकूल परिस्थितियां मिलने की उम्मीद है।



