हर घर तिरंगा अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय उमरियापान में निकली तिरंगा रैली

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय उमरियापान में गुरुवार को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया । रैली में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हाथों में तिरंगा थामकर नागरिकों को राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया ।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. आरती धुर्वे की अध्यक्षता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिलाषा चौरसिया के मार्गदर्शन में महाविद्यालय परिसर से रैली का शुभारंभ हुआ । रैली प्रारंभ होने से पहले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, स्वतंत्रता दिवस की गरिमा तथा देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई ।
इसके बाद छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्ण ढंग से रैली में शामिल हुए । रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर ग्राम के प्रमुख मार्गों से होकर निकली । इस दौरान विद्यार्थियों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” सहित देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया ।
रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आम नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया । साथ ही राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बनाए रखने, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने तथा देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया ।
विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारे लगाए ।
इस अवसर पर डॉ. दीपिका जैन, डॉ. रूबी शर्मा, डॉ. आशीष पांडेय, डॉ. नीमा सिंह, डॉ. दीपक चौधरी, डॉ. अरुणा दास, रहवर रजा मंसूरी, डॉ. सोनम साहू सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे ।



