मध्य प्रदेश

श्रावण में शिव भक्तों की सेवा का अनूठा संकल्प, विशाल भंडारे में मिल रहीं भरपूर सुविधाएं

सिलवानी। श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना के लिए कांवड़ यात्रा पर निकलने वाले शिव भक्तों की सेवा के लिए समाजसेवी गोल्डी पटेल द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। यह भंडारा लगातार एक माह तक संचालित होता है और इस वर्ष सेवा का दसवां वर्ष है।
राजमार्ग-44 स्थित जमुनिया घाट की प्राकृतिक सुंदरता से घिरी वादियों में सुसज्जित वाटरप्रूफ टेंट लगाया गया है, जहां कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, नाश्ते, चाय और विश्राम की व्यवस्था की गई है। भंडारा स्थल पर बिजली की पर्याप्त व्यवस्था के लिए ट्रांसफार्मर लगाया गया है, जिससे रात में भी परिसर रोशनी से जगमग रहता है।
भंडारे में प्रतिदिन अलग- अलग मेन्यू के अनुसार ताजा और गर्म भोजन तैयार किया जाता है। सुबह शिव भक्तों को चाय-बिस्कुट और नाश्ता, दोपहर में भोजन व चाय तथा रात में भोजन के साथ विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। दूर-दराज से आने वाले कांवड़ यात्रियों को यहां रुककर विश्राम करने और भोजन करने की सुविधा मिल रही है।
कांवड़ यात्री पुण्य सलिला मां नर्मदा के बोरास घाट से कांवड़ में जल भरकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए यात्रा करते हैं। मार्ग में भंडारे के माध्यम से शिव भक्तों की सेवा को श्रद्धालु पुण्य कार्य मानते हुए सेवा भाव से जुड़े हुए हैं।
समाजसेवी गोल्डी पटेल द्वारा पिछले दस वर्षों से श्रावण मास में लगातार भंडारे का आयोजन कर कांवड़ यात्रियों की सेवा की जा रही है। प्राकृतिक वातावरण के बीच भोजन और विश्राम की समुचित व्यवस्था होने से यहां पहुंचने वाले शिव भक्तों को काफी सुविधा मिल रही है।
वहीं समाजसेवी गोल्डी पटेल द्वारा कांवड़ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए दवाइयों के साथ मेडिकल टीम की भी व्यवस्था की गई है।

Related Articles

Back to top button