अंतरराष्ट्रीय बजरंगदल की प्रांत बैठक सम्पन्न, संगठन विस्तार को लेकर लिए गए महत्वपूर्ण संकल्प

सिलवानी। अंतरराष्ट्रीय बजरंगदल की प्रांत बैठक प्रसिद्ध सोजनी धाम मंदिर में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तारित जिलों रायसेन, सागर, भोजपुर एवं बरेली के प्रमुख दायित्वों की घोषणाएं की गईं।
बैठक में प्रांतीय विभागीय अधिकारियों में प्रांत मंत्री राजू भार्गव, प्रांत संयोजक संजय खरे, विभाग मंत्री अरविंद खरे तथा विभाग अध्यक्ष गोलू मालवीय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक सीताराम नामजप एवं हनुमान चालीसा के पाठ से हुआ। इसके उपरांत प्रांत एवं विभाग के पदाधिकारियों ने संगठन की कार्ययोजना और आगामी गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
प्रांत संयोजक संजय खरे ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से सभी कार्यकर्ताओं को सामूहिक संकल्प दिलाया। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से कम से कम 20 नए सक्रिय कार्यकर्ता जोड़ने का आह्वान किया तथा 200 नए गांवों में संगठन के विस्तार का लक्ष्य निर्धारित किया।
बैठक में आगामी वार्षिक उत्सव के अंतर्गत डाबरी से सुनवाहा झंडा यात्रा को भव्य रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए यात्रा में 5,000 श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई।
बैठक का समापन संगठन की मजबूती, विस्तार एवं सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ हुआ।



