शॉर्ट सर्किट से पिकअप में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

चालक ने कूदकर बचाई जान, वाहन को हुआ नुकसान
सिलवानी। सिलवानी–स्टेट हाईवे-44 मार्ग पर स्थित ग्राम धनागवा के पास मंगलवार को एक चार पहिया पिकअप वाहन में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़की। चालक ने समय रहते वाहन रोककर उससे कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन सिलवानी से ग्राम जैथारी-नूरपुर की ओर जा रहा था। ग्राम धनागवा के पास पहुंचते ही वाहन से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने तत्परता दिखाते हुए वाहन रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से पिकअप वाहन को काफी नुकसान हुआ है।
बताया जाता है कि वाहन ग्राम जैथारी का है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।



