मेरे सपनों का भारत’ रंगोली प्रतियोगिता में रिंकी कुम्हार प्रथम

छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत की परिकल्पना को दिया आकर्षक रूप
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। शासकीय महाविद्यालय उमरियापान में कार्यालय आयुक्त उच्च शिक्षा मध्यप्रदेश, सतपुड़ा भवन भोपाल के पत्र क्रमांक 2997/छहवि.बै.परि./2026 दिनांक 10 सितंबर 2026 के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत 23 सितंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) द्वारा ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया । कार्यक्रम प्रभारी प्राचार्य डॉ. आरती धुर्वे की अध्यक्षता में संपन्न हुआ ।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रंग-बिरंगे रंगों और आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की कल्पना को साकार किया । छात्राओं ने अपनी रंगोलियों में स्वच्छ, स्वस्थ, शिक्षित, आत्मनिर्भर, सशक्त एवं विकसित भारत की परिकल्पना को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया । रंगोलियों में स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को प्रमुखता से दर्शाया गया ।
प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा और कलात्मक कौशल देखने को मिला । प्रतिभागियों ने रंगों और विभिन्न आकृतियों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया । महाविद्यालय परिसर में बनाई गई आकर्षक रंगोलियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया । विद्यार्थियों ने बताया कि रंगोली के माध्यम से उन्होंने ऐसे भारत की कल्पना को प्रस्तुत किया है, जहां स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के साथ प्रत्येक नागरिक की राष्ट्र निर्माण में भागीदारी हो ।
प्रतियोगिता में बी.ए. द्वितीय वर्ष की रिंकी कुम्हार ने प्रथम, बी.ए. प्रथम वर्ष की अनामिका मेहरा ने द्वितीय तथा बी.ए. तृतीय वर्ष की श्रद्धा लोधी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया । विजेता प्रतिभागियों की रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना की गई ।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ अभिलाषा चौरसिया ने विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य से जुड़ते हुए सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया । प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कला प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ देश के उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपने विचार व्यक्त करने का अवसर भी मिला ।



