वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम सम्पन्न

सरस्वती शिशु मंदिर प्रतापगढ़ में हुआ सामूहिक वंदे मातरम् गायन, 334 लोगों ने लिया सहभागिता
सिलवानी। ग्राम प्रतापगढ़ वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सरस्वती शिशु मंदिर प्रतापगढ़ में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण का भाव देखने को मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता चतुर नारायण रघुवंशी ने की। मुख्य अतिथि महेन्द्र सिंह ठाकुर, मुख्य वक्ता दीपक सिंह रघुवंशी तथा विशिष्ट अतिथि बहादुर सिंह चढ़ार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान की देवी मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। अतिथि परिचय विद्यालय के प्राचार्य वीरेन्द्र सिंह यादव ने कराया। अतिथियों का स्वागत विद्यालय के आचार्य गौरव राय एवं अंकित मेहरा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन बहिन पूर्वी एवं बहिन वेदिका ने किया। इसके पश्चात उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत होकर वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। व्यक्तिगत गीत की प्रस्तुति बहिन अंजली द्वारा दी गई।
मुख्य वक्ता दीपक सिंह रघुवंशी ने वंदे मातरम् के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वंदे मातरम् भारतीयों में राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना जागृत करने वाला प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने इसके गौरवशाली इतिहास एवं राष्ट्रीय जीवन में महत्व पर विस्तार से विचार रखे।
कार्यक्रम का आभार कार्यक्रम संयोजक एवं समिति सहसचिव द्वारका प्रसाद राठौर ने व्यक्त किया। इस अवसर पर समिति उपाध्यक्ष चुन्नीलाल राठौर, हुकुम सिंह, रविशंकर राय, कमलेश उइके, सचेंद्र राठौर, लखन राठौर, जमना प्रसाद राठौर, प्रेमनारायण राय, गोविन्द राठौर, शिवराज सिंह जगेत सहित अभिभावक, पूर्व छात्र, पूर्व आचार्य, वरिष्ठ समाजसेवी, पत्रकार बंधु, आचार्य-दीदी एवं भैया-बहिन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कुल 334 लोगों ने सहभागिता की। अंत में विद्यालय की दीदी गीता राठौर द्वारा शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।



