मध्य प्रदेश

विद्युत विभाग ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

64 बकायादार उपभोक्ताओं के 9.70 लाख रुपये के कनेक्शन अस्थायी रूप से विच्छेदित, बिजली चोरी के 40 प्रकरण दर्ज
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। सिलौंडी वितरण केंद्र क्षेत्र में लंबित विद्युत बिलों की वसूली एवं विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा सघन चेकिंग एवं वसूली अभियान चलाया गया । अभियान के तहत चार विशेष टीमों ने वितरण केंद्र के विभिन्न ग्रामों में बकायादार उपभोक्ताओं एवं अवैध रूप से विद्युत का उपयोग किए जाने वाले परिसरों की जांच की ।
जांच के दौरान पूर्व में नोटिस जारी किए गए बकायादार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शनों पर कार्रवाई की गई । भैंसवाही, झारापानी, नेगई, सिलौंडी, इमलई, कंजिया, कुंसरी सहित विभिन्न ग्रामों में कार्रवाई करते हुए 64 बकायादार उपभोक्ताओं के कुल 9.70 लाख रुपये की बकाया राशि वाले विद्युत कनेक्शन अस्थायी रूप से विच्छेदित किए गए। वहीं विद्युत चोरी के 40 प्रकरण दर्ज किए गए ।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने लंबित विद्युत बिलों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करें और विभागीय कार्रवाई में सहयोग करें, ताकि संभावित कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके ।
अभियान में सहायक अभियंता ढीमरखेड़ा उपसंभाग स्वामी यादव, बड़वारा वितरण केंद्र प्रभारी सुमित सिन्हा, सिलौंडी वितरण केंद्र प्रभारी मजहर अली, उमरियापान वितरण केंद्र प्रभारी सौरव दुबे सहित विद्युत विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे ।
यह चेकिंग एवं वसूली अभियान कटनी वृत्त के अधीक्षण अभियंता डी.के. चौकीकर एवं दक्षिण संभाग की कार्यपालन अभियंता शैलजा चौहान के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है ।

Related Articles

Back to top button