विद्युत विभाग ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

80 बकायादार उपभोक्ताओं के 8.85 लाख रुपये के विद्युत कनेक्शन अस्थायी रूप से विच्छेदित, बिजली चोरी के 28 प्रकरण दर्ज
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। लंबित विद्युत बिलों की वसूली और बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग द्वारा ढीमरखेड़ा वितरण केंद्र क्षेत्र में सघन चेकिंग एवं वसूली अभियान चलाया गया । अभियान के तहत चार विशेष टीमों ने बकायादार उपभोक्ताओं और अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वाले परिसरों की जांच की ।
विद्युत विभाग द्वारा ढीमरखेड़ा वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्रामों में बकाया बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की गई । जिन उपभोक्ताओं को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे, उनके विद्युत कनेक्शन अस्थायी रूप से विच्छेदित किए गए। इस कार्रवाई में पिपरिया, देवरी, सारंगपुर, सिमरिया, पौड़ी कला, खमतरा और ढीमरखेड़ा सहित अन्य ग्राम शामिल रहे ।
विभागीय जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान 80 बकायादार उपभोक्ताओं के कुल 8.85 लाख रुपये की बकाया राशि वाले विद्युत कनेक्शन अस्थायी रूप से विच्छेदित किए गए। वहीं, बिजली चोरी के 28 प्रकरण दर्ज किए गए ।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने लंबित विद्युत बिलों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करें तथा वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें । विभाग ने कहा कि समय पर बकाया राशि जमा करने और नियमों का पालन करने से संभावित कानूनी कार्रवाई से बचा जा सकता है।
*इन अधिकारियों के मार्गदर्शन में चला अभियान*
चेकिंग एवं वसूली अभियान सहायक अभियंता, ढीमरखेड़ा उपसंभाग स्वामी यादव, बड़वारा वितरण केंद्र प्रभारी सुमित सिन्हा, सिलौंडी वितरण केंद्र प्रभारी मजहर अली तथा उमरियापान वितरण केंद्र प्रभारी सौरव दुबे के नेतृत्व में संबंधित कर्मचारियों की सहभागिता से संचालित किया गया।
यह अभियान कटनी वृत्त के अधीक्षण अभियंता डी.के. चौकीकर एवं दक्षिण संभाग की कार्यपालन अभियंता शैलजा चौहान के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है । विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया कि बकाया बिलों की वसूली और बिजली चोरी की रोकथाम के लिए जांच एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



