मध्य प्रदेश

अभाना के पास भीषण सड़क हादसा: दो छात्राओं की मौत, एक गंभीर

तेज रफ्तार बस ने स्कूल जा रही चार छात्राओं को मारी टक्कर, जिला अस्पताल में घायलों का उपचार जारी
ब्यूरो चीफ :भगवत सिंह लोधी
दमोह। जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत अभाना के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूल जा रही चार छात्राओं को तेज रफ्तार नाजिश बस ने टक्कर मार दी। हादसे में दो छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, चौथी छात्रा को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
दो छात्राओं की मौके पर मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में आरुषि पिता भानू प्रताप लोधी, उम्र 13 वर्ष, कक्षा आठवीं, निवासी इमलिया तथा दसोदा पिता कृष्णा पटेल, उम्र 13 वर्ष, कक्षा आठवीं, निवासी अभाना की मौत हो गई। वहीं, नित्या पिता संतोष सेन, उम्र 13 वर्ष, निवासी तालगांव गंभीर रूप से घायल हुई है। चौथी छात्रा खुशी यादव को मामूली चोटें आई हैं।
बस से यात्री भी गिरे, कई घायल
हादसे के दौरान बस में रखी केले की कैरेट के साथ दो से तीन यात्री भी नीचे गिर गए। इस घटना में दमोह के सिविल वार्ड नंबर-7 निवासी देवकरण शर्मा पिता नारायण प्रसाद शर्मा भी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
विधायक, कलेक्टर और भाजपा जिलाध्यक्ष पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक जयंत मलैया, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल छात्रा एवं अन्य घायलों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। वहीं, नोहटा थाना पुलिस, शिक्षा विभाग के अधिकारी सत्यम चौरसिया, थाना प्रभारी मनीष कुमार सहित अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
ग्रामीणों ने लगाया चक्काजाम
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने अभाना में चक्काजाम कर दिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद चक्काजाम खुलवाया गया और यातायात बहाल कराया गया।
मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश
प्रदेश के मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने हादसे को दुखद बताते हुए पुलिस एवं प्रशासन को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों में हादसे को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button