मध्य प्रदेश

ओवरलोड ट्रकों से फैल रही धूल, नागरिक परेशान; कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे चक्काजाम

सिलवानी। नगर में भारी वाहनों और ओवरलोड ट्रकों एवं डंपरों के माध्यम से कच्ची मिट्टी और राखड़ की ढुलाई किए जाने से नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों से मिट्टी और राखड़ सड़कों पर फैलने के कारण धूल उड़ रही है, जिससे वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। वहीं, भारी वाहनों की तेज रफ्तार से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इन समस्याओं को लेकर क्षेत्रीय विकास परिषद एवं लघु व्यापार संघ सिलवानी ने मंगलवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अलका सिंह को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि नगर में बाहर से बड़ी संख्या में भारी ट्रक और ट्राले आ रहे हैं, जिनके माध्यम से फैक्ट्रियों के लिए कच्ची मिट्टी एवं राखड़ की ढुलाई की जा रही है। ओवरलोड वाहनों से मिट्टी और राखड़ सड़कों के साथ ही बस्ती के क्षेत्रों में फैल रही है। इससे सड़कों पर अत्यधिक धूल उड़ती है और आम नागरिकों को परेशानी हो रही है। विशेष रूप से बच्चे, बुजुर्ग और अस्थमा के मरीज धूल एवं प्रदूषण से प्रभावित हो रहे हैं।
तेज रफ्तार से दुर्घटनाओं की आशंका
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इससे नगरवासियों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है और नगर की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हो रही है। ओवरलोड वाहनों के संचालन, सड़कों पर मिट्टी एवं राखड़ फैलने और तेज गति से वाहन चलाए जाने को लेकर नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
क्षेत्रीय विकास परिषद एवं लघु व्यापार संघ ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से उचित कार्रवाई की जाए, ताकि नागरिकों को धूल, प्रदूषण और दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिल सके। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन धरना-प्रदर्शन एवं चक्काजाम करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Related Articles

Back to top button