तहसील कार्यालय में जनसुनवाई, 9 आवेदकों ने रखीं अपनी समस्याएं

सिलवानी। मंगलवार को तहसील कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कुल 9 आवेदक अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों में से 8 आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित थे, जबकि एक आवेदन किसान सम्मान निधि योजना से जुड़ा हुआ था।
जिला कलेक्टर रोहित सिसोनिया के निर्देशानुसार नागरिकों एवं ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए सप्ताह में एक बार जनसुनवाई आयोजित की जाती है। इसका उद्देश्य आमजन को अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाने के लिए एक उचित मंच उपलब्ध कराना है।
जनसुनवाई के दौरान नागरिक एवं ग्रामीण अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन लेकर उपस्थित होते हैं और संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायतें प्रस्तुत करते हैं। इसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का निराकरण करने का प्रयास किया जाता है।
प्रशासन की इस पहल से आमजन को अपनी समस्याएं अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों को राहत प्रदान करने और उनकी शिकायतों का समय पर निराकरण करने पर जोर दिया जा रहा है। जनसुनवाई में एसडीएम अलका सिह, तहसीलदार नरेंद्र सिंह परमार सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।



