धनतेरस पर बाजारों में बरसा धन, दीपों की रोशनी से जगमगाया सिलवानी

पांच दिवसीय दीपोत्सव का हर्षोल्लास के साथ शुभारंभ, सुबह से देर रात तक बाजारों में रही खरीदारों की चहल-पहल
सिलवानी। धनतेरस के पावन पर्व के साथ ही पांच दिवसीय दीपावली महोत्सव का शुक्रवार को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। सुबह से ही नगर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जो देर रात तक बनी रही। शुभ मुहूर्त में नई वस्तुओं की खरीदारी कर लोगों ने सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरे दिन बाजारों में रौनक छाई रही और व्यापारियों के चेहरों पर भी उत्साह नजर आया।
धनतेरस पर परंपरागत रूप से बर्तन, सोना-चांदी, आभूषण और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की जमकर खरीदारी हुई। सराफा बाजार में चांदी के सिक्कों, चूड़ियों और आकर्षक आभूषणों की अच्छी मांग रही। वहीं दुकानदारों द्वारा ग्राहकों के लिए दिए गए विशेष ऑफर और छूट ने खरीदारी के उत्साह को और बढ़ा दिया।
ऑटोमोबाइल शोरूम में भी ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। कई लोगों ने नई बाइक और ई-स्कूटर की बुकिंग कराई, तो कुछ ग्राहकों ने शुभ मुहूर्त में अपने नए वाहनों की डिलीवरी भी ली। कपड़ा बाजार में साड़ियां, कुर्ते और बच्चों के नए परिधानों की खूब बिक्री हुई। वहीं सजावटी सामान की दुकानों पर रंग-बिरंगे दीपक, इलेक्ट्रिक झालर, फूल-मालाएं, रंगोली, तोरण और आकर्षक सजावटी सामग्री खरीदने के लिए लोगों का तांता लगा रहा।
धार्मिक आस्था के साथ हुई पूजा-अर्चना
धनतेरस का पर्व केवल खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आरोग्य, सुख-समृद्धि और मंगलकामना का भी प्रतीक है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान धन्वंतरि का प्राकट्य हुआ था। इसी के चलते नगरवासियों ने ब्रह्ममुहूर्त एवं शुभ मुहूर्त में भगवान धन्वंतरि, कुबेर और यमराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर परिवार की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।
दीपों और आकर्षक रोशनी से निखरी नगर की छटा
शाम होते ही सिलवानी की तस्वीर दीपों की सुनहरी रोशनी से निखर उठी। नगर के घरों, दुकानों और मंदिरों को आकर्षक विद्युत सजावट एवं दीपमालाओं से सजाया गया। घरों के आंगन में महिलाओं ने पारंपरिक रंगोलियां बनाईं और दीप सजाकर दीपोत्सव का स्वागत किया। बच्चों में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। नगर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर की गई आकर्षक सजावट ने दीपावली की रौनक में चार चांद लगा दिए।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था रही चाक-चौबंद
त्योहारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। बाजारों में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई, जिससे खरीदारी के दौरान लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े। वहीं नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी राकेश मिश्रा ने नगरवासियों को पांच दिवसीय दीपोत्सव की मंगलमय शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।



