सरस्वती शिशु मंदिर प्रतापगढ़ में पूर्व छात्र सम्मेलन एवं दीपोत्सव कार्यक्रम संपन्न

सिलवानी । अदीवासी अंचल के ग्राम प्रतापगढ़ विद्याभारती मध्यभारत प्रांत भोपाल द्वारा मार्गदर्शित एवं स्वर्गीय प्रीति शिक्षा समिति सियरमऊ द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर प्रतापगढ़ में पूर्व छात्र सम्मेलन (दीपोत्सव कार्यक्रम) का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के स्वपोषित पूर्व छात्र उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व छात्रों ने विद्यालय में अध्ययन के दौरान प्राप्त अनुभवों एवं अपने जीवन के संस्मरणों को साझा करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की भूमिका विद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र सिंह यादव ने रखते हुए पूर्व छात्रों के महत्व एवं विद्यालय से उनके आत्मीय संबंधों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का सुंदर संचालन विद्यालय के भैया-बहिनों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की उपसमिति द्वारा दीपावली पूजन एवं वाहन पूजन किया गया। साथ ही आचार्य परिवार को पारितोषिक एवं मिठाई भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम में भाऊराव देवरस सेवा न्यास भोपाल द्वारा मार्गदर्शित एवं स्वर्गीय प्रीति शिक्षा समिति सियरमऊ द्वारा संचालित परम पूज्य सुदर्शन स्मृति जनजाति बालक छात्रावास प्रतापगढ़ के अभिभावक भी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार द्वारा सभी अभिभावकों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया तथा पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व छात्रों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार की सहभागिता से दीपोत्सव का आयोजन आत्मीयता, संस्कार और पारिवारिक सौहार्द का सुंदर उदाहरण बना। कार्यक्रम का समापन दीपावली की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।



