खंडेरा में मिले पैंगोलिन का सुरक्षित रेस्क्यू, रेडियो टैगिंग के पश्चात सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में किया जाएगा मुक्त
रायसेन। वनमंडल रायसेन के अंतर्गत परिक्षेत्र रायसेन पूर्व, वृत्त अमरावद की बीट टीकोदा के ग्राम खंडेरा में एक पैंगोलिन के विचरण की सूचना प्राप्त होने पर वन विभाग की टीम द्वारा तत्परता से उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू के पश्चात पैंगोलिन को सुरक्षित रूप से परिक्षेत्र रायसेन पूर्व कार्यालय लाया गया।
मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक (CWLW) से अनुमति प्राप्त होने के उपरांत पैंगोलिन को सतपुड़ा टाइगर रिजर्व भेजा गया है। वहां विशेषज्ञों की देखरेख में उसकी रेडियो टैगिंग की जाएगी तथा आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उसे उपयुक्त प्राकृतिक आवास में स्वतंत्र विचरण हेतु छोड़ा जाएगा।
वन विभाग द्वारा वन्यजीवों के संरक्षण एवं सुरक्षित पुनर्वास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आमजन से अपील है कि वन्यजीव दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखें तथा स्वयं पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें। तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दें।



