मध्य प्रदेश

छपारा में भीषण अग्निकांड, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
सिवनी । सिवनी जिले के छपारा कस्बे में, महावीर वार्ड नंबर 07 में जैन मंदिर के पास वाला घर गहरी नींद में था। अंदर एक ही छत के नीचे तीन पीढ़ियां सो रही थीं। किसी को नहीं पता था कि अगले आधे घंटे में यह घर श्मशान में बदल जाएगा।करीब 4 से 4:30 बजे के बीच अचानक घर से चीखों और धुएं की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
घर में उस वक्त कुल 10 लोग थे। लोगों ने बाहर से दरवाजे-खिड़कियां पीटे, पानी डाला, बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि अंदर फंसे 6 लोग बाहर नहीं निकल सके। मृतकों में घर के सबसे बुजुर्ग कुंदन लाल सोनी 75 वर्ष और उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी 65 वर्ष भी शामिल हैं। इसके अलावा ऋतु सोनी 42 वर्ष, स्मृति सोनी 40 वर्ष, सूर्या सोनी 45 वर्ष और महज 16 साल का आदित्य सोनी भी इस आग में जिंदा जल गए।
किस्मत से 4 लोग इस भयानक आग से बच गए – 7 साल की मासूम अमायरा सोनी, रितेश सोनी 45 वर्ष, सौरभ सोनी 43 वर्ष और 14 साल का आकर्ष सोनी। उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अभी तक यह साफ नहीं है कि आग आतिशबाजी से लगी या शॉर्ट सर्किट से। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। सभी 6 शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पूरे इलाके में मातम पसरा है। एक रात पहले तक जो घर दीयों और हंसी से भरा था, आज वहां सिर्फ राख, जली हुई दीवारें और रोते-बिलखते रिश्तेदार बचे हैं।छपारा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button