देर रात तक गूंजती रही आतिशबाजी, रंगीन रोशनी से जगमगाया नगर

सिलवानी। रोशनी और खुशियों का पर्व दीपावली नगर में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। दीपों की जगमगाहट और आसमान में बिखरती सतरंगी आतिशबाजी ने पूरे नगर को रोशनी से सराबोर कर दिया। देर रात तक आतिशबाजी का दौर चलता रहा। इस दौरान बच्चों से लेकर युवाओं तक में दीपावली को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
दीपावली के अवसर पर नगर के घरों, प्रतिष्ठानों और मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। लोगों ने अपने घरों एवं मंदिरों में दीपक प्रज्ज्वलित कर रोशनी का पर्व मनाया। शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से मां महालक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
शाम ढलते ही नगर में दीपों की रोशनी के साथ आतिशबाजी का सिलसिला शुरू हो गया। बच्चों ने परिजनों की मौजूदगी में सावधानीपूर्वक फुलझड़ियां एवं छोटे पटाखे जलाकर दीपावली की खुशियां मनाईं। वहीं युवाओं में भी आतिशबाजी को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। देर रात तक आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता रहा और पटाखों की गूंज सुनाई देती रही।
दीपावली के चलते पटाखा बाजार में भी अच्छी रौनक रही। जानकारी के अनुसार, अकेले सिलवानी नगर में ही लाखों रुपये के पटाखों की बिक्री हुई।



