मध्य प्रदेश

श्रीकृष्ण गौशाला जमुनिया में श्रद्धा और उल्लास के साथ हुई गोवर्धन पूजन

सिलवानी। दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर सिलवानी विकासखंड की ग्राम पंचायत उचेरा-जमुनिया अंतर्गत स्थित शासकीय श्रीकृष्ण गौशाला में गोवर्धन पूजन का कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं धार्मिक श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर भगवान श्री गोवर्धन महाराज का विधि-विधान से हवन-पूजन एवं आरती की गई। साथ ही मुख्यमंत्री के गोवर्धन पूजन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी उपस्थित लोगों को दिखाया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने सर्वप्रथम गोवर्धन महाराज का पूजन-अर्चन कर आरती की। इसके पश्चात गौशाला में मौजूद गौवंशों को आकर्षक ढंग से रंगकर एवं सजाकर उनका पूजन किया गया। गौमाता को नियमित आहार के साथ गुड़ एवं नमक खिलाया गया। इस दौरान गौसेवा और गौसंरक्षण के महत्व पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में गौशाला में सेवा कार्य करने वाले सभी कार्यकर्ताओं का तिलक लगाकर सम्मान किया गया। उन्हें मिठाई एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनके सेवा कार्यों की सराहना की गई।
इस अवसर पर सिलवानी नगर के पार्षद प्रदीप कुशवाह, सत्यार्थ वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष अरविंद पाठक, समाजसेवी किशोर सिंह शेखावत, तुलसीराम यादव, जनपद पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रमन इमने, ग्राम पंचायत उचेरा-जमुनिया के उपसरपंच प्रतिनिधि दिवाकर शर्मा, सिलवानी पशु चिकित्सालय के वरिष्ठ पशु चिकित्सक निशांत सक्सेना, पशु संजीवनी से योगेंद्र गौर, जमुनिया के गौसेवक प्रदीप कुमार प्रजापति सहित गौशाला के समस्त गौसेवक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button