जहरीले जीव के काटने की आशंका के बीच युवक की मौत

मंडीदीप में काम करने के दौरान बिगड़ी थी तबीयत, भोपाल में उपचार के बाद गांव लौटने पर फिर बिगड़ी हालत
सिलवानी। सिलवानी तहसील ग्राम उचेरा जमुनिया में मंडीदीप में काम करने गए 28 वर्षीय युवक की तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, युवक मंडीदीप में काम के दौरान किसी जहरीले जीव ने काट लिया था। भोपाल में उपचार के बाद उसकी हालत में कुछ सुधार हुआ था, लेकिन गांव लौटने के बाद दोबारा तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। प्राप्त
जानकारी के अनुसार, ग्राम उचेरा जमुनिया निवासी आकाश धुर्वे पिता मदन धुर्वे उम्र 28 वर्ष मंडीदीप में मशीन चलाने का काम करता था । इसी दौरान परिजनों के मुताबिक, उन्हें किसी जहरीले जीव ने काट लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। बताया गया कि उसके मलिक उपचार के लिए भोपाल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ। इसके बाद उसे वापस गांव भेज दिया गया।
हालांकि, गांव लौटने के बाद आकाश की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, उनके शरीर का रंग भी गहरा पड़ने लगा। हालत गंभीर होने पर उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए शव को सिलवानी अस्पताल लेकर पहुंचे।
सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। आकाश अपने पीछे दो साल के मासूम बेटे और परिवार को छोड़ गए हैं। परिवार के युवा सदस्य की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।
फिलहाल युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं संबंधित जांच के बाद ही मौत की वजह की पुष्टि हो सकेगी।



