कृषिपर्यावरणमध्य प्रदेश

पराली में आग न लगाएं, मिट्टी की उर्वरता बचाएं, किसानों से रवि आम्रवंशी की अपील

सिलवानी। धान की कटाई के बाद खेतों में बची पराली एवं भूसे में आग लगाने की घटनाओं को रोकने के लिए परियोजना संचालक आत्मा रवि आम्रवंशी ने जिले के किसान भाइयों से विनम्र अपील की है। उन्होंने कहा कि पराली में आग लगाना न केवल पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है, बल्कि इससे खेतों की मिट्टी की उर्वरता और उत्पादन क्षमता भी लगातार प्रभावित हो रही है। किसानों को पराली जलाने के बजाय उसका उचित प्रबंधन करना चाहिए।
रवि आम्रवंशी ने बताया कि जिले में पिछले वर्ष खरीफ सीजन के दौरान पराली जलाने की 752 घटनाएं दर्ज की गई थीं, जबकि चालू वर्ष में अब तक 21 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सभी किसानों को मिलकर प्रयास करना होगा।
उन्होंने बताया कि हमारा जिला कृषि प्रधान है। खरीफ सीजन में लगभग तीन लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती होती है, जिसमें करीब ढाई लाख हेक्टेयर में बासमती धान लगाया जाता है। यह कुल धान उत्पादन क्षेत्र का लगभग 80 प्रतिशत है। बासमती धान की गुणवत्ता बनाए रखने और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के उद्देश्य से इसकी कटाई मुख्य रूप से मजदूरों द्वारा हाथों से की जाती है। कटाई के बाद धान को एकत्रित कर थ्रेसर मशीन से गहाई की जाती है, जिससे खेतों में जगह-जगह भूसे के ढेर जमा हो जाते हैं। इनमें अक्सर शाम के समय आग लगा दी जाती है, जो खेतों की मिट्टी के लिए बेहद नुकसानदायक है।
साल में तीन बार खेतों में आग लगाना बन रहा नुकसान का कारण
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि किसान खरीफ में सोयाबीन के भूसे, धान की पराली, रबी में गेहूं की नरवाई और जायद में मूंग के भूसे में आग लगा रहे हैं। इस प्रकार एक ही खेत में सालभर में तीन से चार बार फसल अवशेष जलाए जा रहे हैं। इससे मिट्टी की जलधारण क्षमता कम हो रही है, उसमें मौजूद लाभकारी सूक्ष्म जीवाणु नष्ट हो रहे हैं तथा मिट्टी की प्राकृतिक संरचना लगातार बिगड़ रही है।
उन्होंने बताया कि खेतों में फसल अवशेष जलाने और रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित उपयोग का संयुक्त प्रभाव भूमि की सेहत पर पड़ रहा है। फास्फोरसयुक्त उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की निचली परत में कठोर जमाव की समस्या बढ़ सकती है, वहीं नाइट्रोजन के अधिक उपयोग से फसलों में कीट एवं बीमारियों का प्रकोप बढ़ने की आशंका रहती है। इसके अलावा भूमिगत जल प्रदूषण, मिट्टी में कार्बनिक पदार्थों की कमी और सूक्ष्म जीवों की संख्या में गिरावट जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं।
उन्होंने बताया कि मिट्टी की ऊपरी सतह पर पराली जलाने से कठोरता बढ़ रही है, वहीं असंतुलित उर्वरक उपयोग से मिट्टी की निचली परत भी प्रभावित हो रही है। ऐसी स्थिति में बारिश का पानी जमीन के भीतर पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पाता, जिससे कम बारिश में भी जलभराव और बाढ़ जैसी परिस्थितियां निर्मित हो सकती हैं।
पराली प्रबंधन के लिए जिले में 32 बेलर मशीनें संचालित
रवि आम्रवंशी ने किसानों को बताया कि खेती में समय की कमी, मजदूरों की अनुपलब्धता, मशीनों की कमी और वर्ष में तीन से चार फसल लेने जैसी परिस्थितियों के कारण किसान फसल अवशेषों के प्रबंधन में कठिनाई महसूस करते हैं। इसके बावजूद हमें अपनी कृषि भूमि को बंजर होने से बचाने के लिए अब खेती की पद्धतियों में आवश्यक बदलाव करना होगा।
पंचायत स्तर पर चौपाल लगाकर किसानों को किया जा रहा जागरूक
उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा 15 अक्टूबर से लगातार पंचायत स्तर पर चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को पराली एवं नरवाई नहीं जलाने, फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button