मध्य प्रदेश

दीपावली पर गौशाला में तुलादान कार्यक्रम संपन्न, 44 गौ भक्तों ने किया अपने वजन के बराबर दान

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। दीपावली के पावन अवसर पर सियावास कामधेनु सेवा संघ गौशाला, कोलूघाट मंदिर के पास तुलादान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। नगरवासियों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में गौसेवा और धर्म के प्रति श्रद्धालुओं का विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में 44 गौ भक्तों ने अपने वजन के बराबर गौमाता के लिए सामग्री का तुलादान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गौमाता की पूजा- अर्चना एवं आरती के साथ किया गया। तुलादान के दौरान श्रद्धालुओं ने अपने वजन के बराबर गुड़, खली, चुनी, चापड़ एवं फल आदि सामग्री तुला में तौलकर गौमाता को अर्पित की। इस दौरान गौसेवा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और समर्पण देखते ही बन रहा था।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष सचिन कुमार नेमा, समिति के पूर्व अध्यक्ष बब्लू यादव, संतोष कुमार एवं राकेश कुमार भार्गव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान गौशाला के विकास एवं गौसेवा को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण संकल्प भी लिए गए। मनीष कुमार जैन ने गोबर से गौकाष्ठ बनाने वाली मशीन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। वहीं शिवनारायण शास्त्री ने चारा काटने वाली मशीन के लिए 23 हजार रुपये प्रदान किए। इसके अतिरिक्त अन्य दानदाताओं ने गौमाता के लिए गद्दे एवं कंबल उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।
दीपावली के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने गौसेवा, धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button