विद्युत विभाग ने चलाया चेकिंग अभियान

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरिया पान वितरण केन्द्र के अंतर्गत लंबित बकाया विद्युत बिल वसूली एवं विद्युत चोरी की जाँच हेतु आज चार विशेष टीमों ने बकायादार उपभोक्ताओं एवं अवैध रूप से विद्युत का उपयोग करने वाले परिसरों की सघन जांच की।
उमरिया पान वितरण केंद्र के विभिन्न ग्रामों में जिन कनेक्शनों पर बिल बकाया था और जिन्हें पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे, आज उनके विद्युत कनेक्शनों के डिस्कनेक्शन की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई कचरगांव, कछारगांव छोटा, बड़ौदा, बिछिया, भनपुरा, पिपरिया सहलवान, पड़रिया, दीमापुर, करौंदी, बनहरा आदि ग्रामों में की गई।
अभियान के दौरान 51 अस्थाई कनेक्शनों की जांच की गई, जिसमें से 16 उपभोक्ताओं के कनेक्शन अवैध पाए जाने पर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं 8.85 लाख रुपये बकाया वाले विद्युत कनेक्शनों को अस्थाई रूप से विच्छेदित किया गया। साथ ही 28 विद्युत चोरी के प्रकरण दर्ज किए गए।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अपनी बकाया राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करें और शासन के कार्यों में सहयोग प्रदान करें, जिससे संभावित कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
कार्रवाई टीम में सहायक अभियंता ढीमरखेड़ा उप संभाग श्री स्वामी यादव, बड़वारा वितरण केंद्र प्रभारी सुमित सिन्हा, सिलोडी वितरण केंद्र प्रभारी मजहर अली, पान उमरिया वितरण केंद्र प्रभारी सौरव दुबे के साथ समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।
यह चेकिंग एवं वसूली अभियान कटनी वृत्त के अधीक्षण अभियंता श्री डी.के. चौकीकर एवं दक्षिण संभाग की कार्यपालन अभियंता श्रीमती शैलजा चौहान के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।



