20 दिन में 3600 किमी की नर्मदा परिक्रमा करेंगे अशोक राय और पं. प्रभाकर

श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद हुआ भव्य स्वागत
सिलवानी । नगर के प्रतिष्ठित व्यवसाई अशोक कुमार राय और पं. प्रभाकर शास्त्री बीतली सपत्नीक नर्मदा परिक्रमा यात्रा पर गमन किया। दोनों दंपती 3600 किलोमीटर का सफर 20 दिनों में पूरा करने के लक्ष्य के साथ निकले। शनिवार को प्रस्थान से पहले बजरंग चौराहा स्थित श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर पहुंचे। दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। परिजन, मित्र, शुभचिंतको ने तिलक लगाकर फूल-मालाओं से स्वागत किया।
नगरवासियों ने यात्रा की सफलता की कामना की। यात्रा को लेकर परिवार और परिचितों में उत्साह रहा। दोनों रविवार को ओंकारेश्वर पहुंचेंगे। मां नर्मदा की पूजा-अर्चना करेंगे। परिक्रमा का विधिवत शुभारंभ करेंगे। यात्रा कार से पूरी होगी। परिक्रमा के दौरान नर्मदा तट से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों, मंदिरों, तीर्थ क्षेत्रों में भी दर्शन-पूजन करेंगे।
12 ज्योतिर्लिंग और मानसरोवर की भी कर चुके हैं यात्रा
यात्रा की जानकारी देते हुए अंकित राय ने बताया कि दोनों श्रद्धालु करीब 20 दिनों में 3600 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। मार्ग में आने वाले विभिन्न धार्मिक स्थलों पर रुककर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होंगे। अशोक कुमार राय पहली बार नर्मदा परिक्रमा पर निकले हैं। इससे पहले वे सपत्नीक चारधाम यात्रा, देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन और चीन में स्थित पवित्र मानसरोवर की यात्रा कर चुके हैं। नर्मदा परिक्रमा यात्रा अनुभव में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव होगी।



