मुक्तिधाम के सामने सड़क पर फैली निर्माण सामग्री, हादसों का बढ़ा खतरा

आधी सड़क पर गिट्टी-रेत डालने से यातायात बाधित, फिसलकर घायल हो रहे स्कूली बच्चे
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। नगर के सागर-भोपाल मार्ग पर मुक्तिधाम के सामने शापिंग कॉम्लेक्स निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क पर ही गिट्टी, रेत और पत्थर की डस्ट डालकर काफी समय से रख दी गई है। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सड़क के आधे हिस्से में निर्माण सामग्री फैली होने के कारण वाहन चालकों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों के लिए यह रास्ता जोखिम भरा बन गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण एजेंसी ने पहले सड़क पर मुरम डाली थी। इसके बाद अब रेत, गिट्टी और पत्थर की डस्ट भी सड़क पर ही डाल दी गई है। निर्माण सामग्री का बड़ा हिस्सा सड़क घेरने से मार्ग संकरा हो गया है। स्थिति यह है कि आमने-सामने से आने वाले वाहनों को क्रॉसिंग करने में भी परेशानी होती है। कई बार वाहन चालकों को एक-दूसरे के निकलने का इंतजार करना पड़ता है, वही भारी वाहन चालक भी परेशान होते है,जिससे मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन जाती है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। सड़क पर फैली गिट्टी और रेत के कारण साइकिल और दोपहिया वाहन फिसलने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्कूली बच्चे फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद निर्माण एजेंसी द्वारा सामग्री हटाने या यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
लोगों ने उठाई सामग्री हटाने की मांग
सागर-भोपाल मार्ग नगर का प्रमुख आवागमन मार्ग है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर निर्माण सामग्री डालकर छोड़ना राहगीरों की सुरक्षा के लिए खतरा बन रहा है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि सड़क पर पड़ी गिट्टी, रेत और डस्ट तत्काल हटवाई जाए तथा निर्माण एजेंसी को सामग्री सड़क से अलग सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दिए जाएं, ताकि यातायात सुचारू हो सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।



