भाजपा रायसेन में एक माह के भीतर सभी रिक्त पदों पर होगी नियुक्ति
संगठन सशक्तिकरण के तहत जिला, मंडल और मोर्चों की कार्यकारिणी गठन करने के निर्देश
रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
रायसेन। भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय मासिक बैठक भाजपा जिला कार्यालय रायसेन में जिला संगठन प्रभारी सुश्री राजो मालवीय एवं जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।
बैठक में जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन सशक्तिकरण अभियान के तहत रायसेन जिले में संगठनात्मक नियुक्तियों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। आगामी एक माह के भीतर भाजपा के सभी मोर्चों के जिला पदाधिकारी एवं मोर्चों के मंडल अध्यक्षों और संगठन के अन्य रिक्त पदों पर नियुक्तियां कर गठन प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
जिला संगठन प्रभारी सुश्री राजो मालवीय एवं जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने सभी मोर्चों के जिला अध्यक्षों एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में संगठन विस्तार और कार्यकारिणी गठन का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। जिला संगठन प्रभारी सुश्री राजो मालवीय ने कहा कि संगठन में सक्रियता और कार्य के आधार पर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। जो पदाधिकारी निष्क्रिय हैं और संगठन के कार्यों में अपेक्षित भूमिका नहीं निभा रहे हैं, उनके स्थान पर दूसरे सक्रिय कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाएगा। संगठन में जो कार्यकर्ता या पदाधिकारी बेहतर काम करेगा, उसे आगे बढ़ाया जाएगा और नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
बैठक में भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं जनजातीय गौरव से जुड़े आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। साथ ही प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम तथा मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रभारियों को शक्ति केंद्रों पर नियमित प्रवास करने के निर्देश दिए गए।
बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष तोमर ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री दीपेंद्र पाल, कार्यालय मंत्री जीतू ठाकुर, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष राकेश उईके, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सीमा चौहान, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष कमल साहू, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष सिद्दीकी सिद्दीक सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।



