कांग्रेस संगठन को मजबूत करने प्रदेशभर का दौरा करेंगे नकुलनाथ

भोपाल में दीपावली मिलन समारोह में कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, करण सिंह चौहान ने बताया उत्साहवर्धक
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । मध्य प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से पूर्व सांसद नकुलनाथ प्रदेशभर का दौरा करेंगे । उन्होंने इसकी जानकारी भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निवास पर आयोजित दीपावली मिलन एवं दोपहर भोज कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए दी । उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए जल्द ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे ।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी मौजूद रहे । मीडिया प्रतिनिधियों के सवालों का जवाब देते हुए नकुलनाथ ने संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर संवाद करने की बात कही ।
इस अवसर पर कटनी शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष तथा छिंदवाड़ा प्रभारी करण सिंह चौहान ने भोपाल पहुंचकर पूर्व सांसद नकुलनाथ का शाल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया । करण सिंह चौहान ने कहा कि नकुलनाथ के भोपाल आगमन और दीपावली मिलन समारोह में शामिल होने से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है । उन्होंने कहा कि नकुलनाथ ने अपने संबोधन और आत्मीय मुलाकात से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया है। संगठन को मजबूत करने के लिए उनका प्रदेशभर में दौरा करना कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक कदम साबित होगा ।
कार्यक्रम में कटनी से पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजा जगवानी, बड़वारा के पूर्व विधायक बसंत सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी नकुलनाथ से सौजन्य भेंट कर उनका स्वागत किया ।
दीपावली मिलन समारोह में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं, विधायकों एवं पूर्व मंत्रियों की मौजूदगी रही । इनमें पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, पूर्व मंत्री एवं विधायक लखन घनघोरिया, तरुण भानोत, सज्जन सिंह वर्मा, सुखदेव पांसे, बाला बच्चन, ओमकार मरकाम, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह तथा संगठन उपाध्यक्ष राजीव सिंह सहित हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ नेता शामिल हुए ।



