मध्य प्रदेश

ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने की तैयारी से किसानों में नाराजगी, 10 एकड़ की सिंचाई पर संकट

10 वर्षों से एक ही स्थान पर स्थापित है ट्रांसफार्मर, चार पोल आगे दूसरी जगह शिफ्ट करने का आरोप
ब्यूरो चीफ: भगवत सिंह लोधी
तेजगढ़। विद्युत वितरण केंद्र हर्रई-तेजगढ़ के अंतर्गत ग्राम पड़रिया सिंगौरगढ़ में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर किसानों में नाराजगी है। किसानों ने करीब 10 वर्षों से एक ही स्थान पर स्थापित ट्रांसफार्मर को दूसरी जगह शिफ्ट किए जाने की तैयारी पर आपत्ति जताते हुए उसे पूर्व निर्धारित स्थान पर ही रखने की मांग की है। इस संबंध में किसान शिवराज सिंह लोधी ने मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन अभियंता को लिखित आवेदन सौंपा है।
आवेदन में किसान ने बताया कि कृषि भूमि के लिए 25 केवी का ट्रांसफार्मर स्वीकृत किया गया था, जिसकी ऑनलाइन लोकेशन नंबर 210 निर्धारित है। किसानों के अनुसार, पिछले करीब 10 वर्षों से ट्रांसफार्मर इसी स्थान पर स्थापित है और इससे किसानों को बिजली की आपूर्ति होती रही है। लेकिन अब विद्युत विभाग द्वारा चार पोल आगे दूसरी जगह ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।
किसानों का आरोप है कि एक किसान को फायदा पहुंचाने के लिए वर्षों से स्थापित ट्रांसफार्मर को दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा है। इससे उनकी बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के साथ करीब 10 एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई व्यवस्था पर संकट खड़ा हो सकता है। किसानों का कहना है कि विरोध दर्ज कराने के बावजूद ट्रांसफार्मर को ऑनलाइन निर्धारित लोकेशन पर रखने की मांग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
किसानों ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि ट्रांसफार्मर को पूर्व निर्धारित स्थान पर ही रखा जाए, ताकि सभी किसानों को बिजली आपूर्ति का लाभ मिलता रहे और खेती-किसानी प्रभावित न हो।
इस मामले में किसान शिवराज सिंह लोधी के साथ विजय सिंह, पुरुषोत्तम सिंह, रतन सिंह एवं पुष्पेंद्र सिंह ने भी आपत्ति जताई है। मामले में कनिष्ठ अभियंता (जेई) शिवदयाल अहिरवार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
आवेदन की प्रतिलिपि प्रदेश के मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, कलेक्टर दमोह एवं अधीक्षण अभियंता मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी दमोह को भी भेजकर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

Related Articles

Back to top button