भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की मिलती है प्रेरणा : पूर्व मंत्री रामपाल सिंह

सिलवानी। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शनिवार को सिलवानी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत हतनापुर-देवरी स्थित हाई स्कूल परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि अद्वितीय साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने जनजातीय समाज में स्वाभिमान, सामाजिक चेतना और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता का भाव जगाया। अपनी संस्कृति, परंपराओं और मातृभूमि की रक्षा के लिए उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व कर क्रांति का बिगुल फूंका।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रहित में एकजुट रहने, अपनी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करने तथा त्याग एवं समर्पण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा। उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाना उनके अद्वितीय योगदान और संघर्ष को याद करने का गौरवपूर्ण अवसर है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं मध्यप्रदेश सरकार जनजातीय समाज के उत्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए तेजी से कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि जनजातीय समाज के प्रत्येक परिवार तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और समाज के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके।
कार्यक्रम को जिला पंचायत सदस्य राकेश उईके एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीपक रघुवंशी भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू ठाकुर ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, सामाजिक योगदान और देश की आजादी के आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, भाजपा नेता विभोर नायक, हतनापुर देवरी सरपंच राम गोपाल उईके, सरपंच शिवराज बरीबा कस्बा बम्होरी सरपंच राजेश राजू पार्षद प्रदीप कुशवाह सर्वेश खरे पार्षद लखन मेहरा गुड्डू भाई सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मयंक रघुवंशी शिक्षक एवं आभार जनपद पंचायत के सी ओ मोकराज मीणा ने व्यक्त किया।



