वन भूमि पर कब्जे के मामले में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। वन भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने सख्ती दिखाते हुए दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है । वन परिक्षेत्र ढीमरखेड़ा की टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया । जहां से न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया । वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन मंडलाधिकारी के निर्देश एवं उप वनमंडलाधिकारी कटनी (पश्चिम) के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी ढीमरखेड़ा सचिन नामदेव के नेतृत्व में 16 को विशेष टीम गठित की गई थी । टीम ने वन भूमि पर अतिक्रमण से संबंधित वन अपराध प्रकरण क्रमांक 199/22 में फरार चल रहे दिलराज पिता जहान सिंह, निवासी ग्राम भटगवां को गिरफ्तार किया । आरोपी से प्रकरण के संबंध में पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद 17 नवंबर को उसे न्यायालय ढीमरखेड़ा में पेश किया गया ।
इसी प्रकरण में फरार चल रहे दूसरे आरोपी राजू पिता भागीला सिंह, निवासी ग्राम भटगवां को भी वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया । न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर आरोपी से विवेचना के संबंध में पूछताछ की गई । आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद उसे भी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया । न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया ।
वन विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972, भारतीय वन अधिनियम 1927, जैव विविधता अधिनियम 2002 एवं वन संरक्षण अधिनियम 1984 सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है । प्रकरण में वन विभाग की ओर से अधिवक्ता मंजुला श्रीवास्तव एवं एडीपीओ श्री शर्मा ने न्यायालय में पक्ष रखा ।
इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी सचिन नामदेव, डिप्टी रेंजर मुहम्मद खालिद, शकुंतला गौड़, अशोक कोल, श्रवण ठाकुर, भीमसेन कोल, बीटगार्ड राजेश सोनी, प्रदीप तिवारी, विनीत सिंह, कमलेश बर्मन, रामफल पटेल, सुधीर सिंह, उमा चौधरी सहित अन्य वन कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।



