मध्य प्रदेश

विद्यार्थियों को छत पर बागवानी और रसोई के कचरे से जैविक खाद बनाने का दिया तकनीकी प्रशिक्षण

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ स्वरोजगार से जोड़ने और कृषि को लाभ का धंधा बनाने के उद्देश्य से व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । इसी क्रम में शासकीय महाविद्यालय विजयराघवगढ़ में प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार सिंह के मार्गदर्शन में जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे द्वारा विद्यार्थियों को छत पर बागवानी एवं रसोई के कचरे से जैविक खाद तैयार करने का तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ रामसुख दुबे ने बताया कि छत पर उद्यानिकी को रूफटॉप गार्डन या टेरेस गार्डन के नाम से जाना जाता है । कम जगह में भी छत पर विभिन्न प्रकार के पौधे, सब्जियां, फल एवं फूल उगाकर जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा सकता है । उन्होंने विद्यार्थियों को छत पर बागवानी के लिए गमलों की तैयारी, उनकी भराई, उपयुक्त स्थान का चयन, गमलों को व्यवस्थित रखने की विधि तथा टेरेस गार्डनिंग के लिए उपयुक्त पौधों की जानकारी दी ।
इसके साथ ही पत्तेदार सब्जियां, जड़ी-बूटियां, फलदार एवं फूलदार पौधे तथा शोभादार पौधों के चयन, खाद एवं पोषक तत्वों के उपयोग, सिंचाई, खरपतवार नियंत्रण और कीट एवं रोग प्रबंधन की तकनीकी जानकारी भी दी गई ।
वहीं रसोई के कचरे से जैविक खाद बनाने की विधि समझाते हुए बताया कि घरों से निकलने वाले सब्जियों एवं फलों के छिलके, भोजन के अवशेष सहित अन्य जैविक कचरे का उपयोग कंपोस्ट खाद बनाने में किया जा सकता है । जैविक रूप से विघटित होने वाले इस कचरे से तैयार खाद मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में सहायक होती है । इसका उपयोग घरों में लगे पौधों, सब्जियों एवं अन्य फसलों के उत्पादन में किया जा सकता है ।
विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों को बताया कि रसोई के जैविक कचरे का उचित प्रबंधन कर उसे उपयोगी खाद में परिवर्तित किया जा सकता है । इससे कचरे का सदुपयोग होने के साथ ही रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने और कम लागत में जैविक खेती को प्रोत्साहन देने में मदद मिलती है ।
प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक एवं कम लागत वाली कृषि तकनीकों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें स्वरोजगार के नए अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा ।

Related Articles

Back to top button