शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, लंबे समय से चल रहा था फरार

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा पुलिस ने बलात्कार के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया । पुलिस ने आरोपी को जिला उमरिया से गिरफ्तार किया है ।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई । अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया ।
*शादी का झांसा देकर किया था दुष्कर्म*
पुलिस के अनुसार, एक नाबालिग ने थाना ढीमरखेड़ा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के ही योगेन्द्र यादव ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया । शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी योगेन्द्र यादव के विरुद्ध अपराध क्रमांक 552/26 के तहत बीएनएस की धारा 64(2)(एम), 332(बी), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5एल एवं 6 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया था ।
प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही आरोपी अपने निवास स्थान से लगातार फरार चल रहा था । पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी । इसी दौरान 22 नवंबर 2026 को पुलिस ने जिला उमरिया से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया । गिरफ्तारी के बाद उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया ।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी, सहायक उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास, मनोज ठाकुर, आरक्षक पंकज सिंह, अजय धुर्वे एवं रंजीत सिंह का विशेष योगदान रहा ।



