मध्य प्रदेश

पिण्डरई में कृष्ण-रुक्मणी विवाह प्रसंग पर झूमे श्रद्धालु, संत भगत गिरी महाराज के दर्शन को उमड़ी भीड़

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अंतर्गत ग्राम पिण्डरई में गोस्वामी परिवार द्वारा आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिन भगवान श्रीकृष्ण एवं माता रुक्मणी के विवाह का भावपूर्ण प्रसंग सुनाया गया । इस दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए और विवाह उत्सव को पूरे उत्साह के साथ मनाया गया ।
कथावाचक ने भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मणी के विवाह प्रसंग का संगीतमय वर्णन करते हुए बताया कि सच्ची भक्ति और अटूट विश्वास से ही भगवान की कृपा प्राप्त होती है । कथा के दौरान विवाह प्रसंग की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया । बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने कथा पंडाल में पहुंचकर धर्मलाभ लिया ।
इस धार्मिक आयोजन में अमोल खोय आश्रम के संत भगत गिरी महाराज (बच्चू महाराज) का आगमन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा । उनके पहुंचते ही कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने संत के दर्शन कर आशीर्वचन प्राप्त किए । संत के आगमन से आयोजन की धार्मिक गरिमा और बढ़ गई ।
गोस्वामी परिवार के धर्मराज पुरी द्वारा ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की सहभागिता बढ़ रही है । 18 नवंबर से प्रारंभ कथा का समापन 24 नवंबर को होगा । आयोजक परिवार ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी नागरिकों से कथा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है ।

Related Articles

Back to top button